औरैया। गल्ला मंडी में संचालित हो रही फल आढ़त पर मंगलवार की देर रात फल आढ़तियों पर खाकी ने जमकर लाठियां भांजी। मंडी सचिव की तहरीर पर आढ़तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा उनको पुलिस के सुपुर्द भी कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने उन्हें तत्काल निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश देकर छुड़वाया। घटना को लेकर फल आढ़तियों में खासा आक्रोश व्याप्त है। पीड़ितों ने एसडीएम अजीतमल पर मारपीट कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम से मामले की जांच कराने की मांग की है।
गल्ला मंडी के फल आढ़ती वहीद पुत्र जमालुद्दीन ने बताया कि मंगलवार को देर रात लगभग 10 बजे वह अपनी आढ़त पर फल लगा रहे थे। तभी एसडीएम अजीतमल आए उनके साथ मौजूद पुलिस वालों ने बिना पूछे मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एसडीएम ने सलीम पुत्र अमीरुद्दीन को मंडी में आढ़त पर बुलाया। सलीम के पहुंचते ही उसे भी पुलिस कर्मियों ने पीटा।
मामले में मंडी सचिव राजेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने पीड़ित न्यू इंडिया फ्रूट कंपनी के संचालक मोहम्मद सलीम के खिलाफ लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने का मुकदमा दर्ज किया है। उधर एसडीएम अजीतमल/नोडल अधिकारी गल्ला मंडी रमेश यादव ने आढ़तियों के साथ मारपीट करने की बात से इनकार किया। बताया कि आढ़तियों से सोशल डिस्टेंस और मास्क लगाए जाने के निर्देशों का पालन करने को कहा गया था। जिस पर वह मंडी सचिव के साथ अभद्रता करने लगे। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। सीओ ने उन्हें निजी मुचलके पर छुड़वा दिया है।