बिधूना। स्नातक की परीक्षा देकर घर जा रही छात्रा के साथ सोमवार को युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीट दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करने के बाद उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
छात्रा ने कोतवाली पुलिस को बताया कि एक दिसंबर को कस्बा स्थित एक डिग्री कॉलेज में वह स्नातक की परीक्षा देने गई थी। वहां से घर जाते समय शाम चार बजे पसुआ पुल के पास कोतवाली के गांव मनूशाह पुरवा निवासी अंकुर शाक्य ने रोक लिया। आरोप है कि युवक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीट दिया। इससे वह घायल हो गई बाद में छात्रा का मोबाइल फेंक दिया। छात्रा के अनुसार आरोपी पहले भी रास्ता रोककर परेशान कर बातचीत का दबाव बनाता था। मोबाइल नंबर लेकर कॉल पर गाली-गलौज करता था। बात न करने पर धमकी देता था। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांतिभंग में चालान किया गया। बाद में उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।