अटसू। क्षेत्र के गांव रहमापुर में कब्जे के विवाद में रंजिश के चलते दबंगों ने दंपती और उनकी बेटी को पीटा, आरोप है कि दबंगों ने बेटी का गला कसने का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव रहमापुर निवासी अरविंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव में गली के कब्जे को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते दो अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे जब अरविंद गांव के बाहर पुलिया पर बैठे थे, तभी उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि ऊदल, उसका पुत्र इंद्रपाल, राजेंद्र व उसका पुत्र सुमित लाठी-डंडे लेकर घर पर आए हैं। जब वह घर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की हुई।
इस दौरान अरविंद की 18 वर्षीय पुत्री छाया को इंद्रपाल और सुमित ने पकड़ कर गले में अंगोछा डालकर फंदा लगाने का प्रयास करते हुए मारपीट की, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी को बचाने पहुंची मां को भी पीटा गया। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी भाग निकले। वहीं, युवती का सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अजीतमल दिनेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।