असेनी सबस्टेशन के समीप टूटे बिजली के पोल
- फोटो : amar ujala beuro
रविवार रात आई तेज आंधी से दिबियापुर समेत कई फीडरों के बिजली के खंभे टूट गए। इससे दिबियापुर, हरचंदपुर, बेला, नौगवां, कोल्ड स्टोरेज, केशमपुर, अयाना फीडरों की बिजली गुल हो गई। रविवार पूरी रात सैकड़ों गांवों एवं कई कस्बों की बिजली आपूर्ति बंद रही। सबसे अधिक बिजली पोल हरचंदपुर फीडर के क्षतिग्रस्त हुए हैं। दिबियापुर के भगवतीगंज की बिजली आपूर्ति सोमवार दोपहर शुरू कर ली गई।
रविवार देर रात करीब नौ बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज आंधी के चलते जगह जगह बिजली के खंभे टूट गए। ककराही बाजार फीडर के छह खंभे, बेला फीडर के दो खंभे, हरचंदपुर के 23 खंभे, कोल्ड स्टोरेज के तीन खंभे टूटकर गिर गए। इन फीडरों के बिजली के तार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। ककराही बाजार दिबियापुर फीडर के खंभे एवं तार भगवतीगंज फीडर पर गिरने के कारण भगवतीगंज फीडर की बिजली भी गुल हो गई।
अयाना फीडर के डबल पोल, क्रास आर्म होल्डिंग क्लैंप, इंसुलेटर, डिस्क एवं तार टूट गए। इसके साथ केशमपुर फीडर के दो पोल गिर गए। जबकि कुछ स्थानों पर तार टूटकर गिर गए। रात में ही 132 केवी असेनी सबस्टेशन से 33 केवी के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। सोमवार दोपहर 12 बजे दिबियापुर के भगवतीगंज फीडर की बिजली आपूर्ति प्रारंभ कर ली गई। वितरण खंड के अवर अभियंता राजेश कुमार का कहना है कि दिबियापुर के हरचंदपुर फीडर छोड़कर सभी फीडरों की बिजली सोमवार देर रात प्रारंभ हो जाएगी। हरचंदपुर फीडर के खंभे सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसलिए मंगलवार को खंभे गाड़कर शाम तक बिजली आपूर्ति प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा।