अजीतमल (औरैया)। बिजली विभाग में संविदा कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आ रही है। ठेकेदारों के मजदूरों से कार्य कराया जा रहा है। अजीतमल सबस्टेशन पर हड़ताल से रविवार पूरे दिन क्षेत्र की लाइन बाधित रही। लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे।
रविवार को अजीतमल विद्युत सब स्टेशन को मिलने वाली असेनी से आपूर्ति सुबह सात बजे ब्रेक डाउन होने से ठप हो गई। देवकली से आने वाली लाइन का सहारा मिला लेकिन ज्यादा देर नहीं चल सका और 10:20 पर देवकली वाली लाइन भी ब्रेकडाउन हो गई। भीषण गर्मी में लोग बिना बिजली के परेशान रहे। पूरे दिन बिजली न आने से जहां लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया तो वहीं बिजली कारोबारियों का कारोबार पूरी तरह ठप रहा।अजीतमल विद्युत केंद्र पर लोगों ने जानकारी ली तो पता चला कि संविदा कर्मी सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं और लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं जिससे लाइन सही करने वाला कोई नहीं है। जिससे लोगो में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश दिखाई दिया।
विद्युत उपकेंद्र अजीतमल के उपखंड अधिकारी विनोद शुक्ला ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र अजीतमल पर 11 लाइनमैन व चार सब स्टेशन ऑपरेटर संविदा पर हैं। सभी हड़ताल के चलते लखनऊ चले गए हैं। नियमित कर्मचारियों में सिर्फ एक लाइनमैन तथा चार टीजी टू हैं, जो विद्युत उपकेंद्र का कार्य देख रहे हैं। ब्रेक डाउन सही करने के लिए प्राइवेट ठेकेदार के मजदूरों को बुलवाया गया है। लाइन सही होते ही सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।