- सीढ़ियों पर रहा दलालों का जमावड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन की सख्ती के बाद एआरटीओ परिसर में दलालों के बस्तों पर जेसीबी चलवा दी गई थी। इसके बाद से न प्रशासन का कोई अधिकारी आया और न ही पुलिस ने गश्त की। इससे दलालों ने एआरटीओ में कब्जा जमा लिया है।
सख्ती का इतना असर हुआ कि दलालों ने फीस बढ़ा दी है। सामान्य आदमी अपने काम के लिए बाबुओं की खिड़की पर परेशान रहे, वहीं दलालों ने कमरों में घुसकर काम कराया।
बुधवार को एसडीएम व सीओ ने जेसीबी से एआरटीओ के बाहर लगीं दलालों की दुकानों को हटवा दिया था। थानाध्यक्ष दिबियापुर को राउंड लगाने के निर्देश दिए थे। इससे कि दलालों में भय बना रहे।
अभियान के दूसरे दिन भी पुलिस नहीं पहुंची। परिसर में अड्डा खत्म होने के बाद दलालों ने कार्यालय के अंदर कब्जा जमा लिया। दलालों ने काम के रेट भी बढ़ा दिए हैं। लाइसेंस बनवाने के लिए अभी तक दलाल एक हजार रुपये लेते थे। अब यह 1300 रुपये ले रहे हैं।
लाइसेंस की सरकारी फीस पांच सौ रुपये ही है। शुक्रवार को दलाल पूरे दिन एआरटीओ में कब्जा जमाए रहे। यह कर्मचारियों की मिलीभगत से काम निपटाते रहे। वहीं सामान्य आदमी को अपने काम के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। दलालों ने कमरे में घुसकर काम करवाया।