बिधूना। दिल्ली सहित अन्य राज्यों को जाने वाली प्राइवेट बसों के अवैध परिवहन व डग्गामारी पर शनिवार को प्रशासन का डंडा चला। बसों की जांच के दौरान आठ बसों को मौके पर सीज कर 16 पर जुर्माना लगाया। कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
अमर उजाला ने 30 अक्तूबर को धड़ल्ले से दौड़ रहीं निजी बसें, संचालक वसूल रहे मनमाना किराया शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर शनिवार शाम एआरटीओ नानकचंद शर्मा, एसडीएम गरिमा सौनकिया, सीओ पी पुनीत मिश्रा, यातायात प्रभारी देवेंद्र कुमार व कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने संयुक्त अभियान चलाया।
किशनी-बिधूना, भरथना रोड पर प्राइवेट बसों की एक-एक कर रोका गया। मौजूद चालक से गाड़ी संबंधित कागजों की जांच की गई। इस दौरान अधिकारी ने आठ बसों को सीज कर लिया। जबकि अन्य बसों चालान काटकर जुर्माना लगाया। अधिकारी की कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया। कई एजेंट अपने काउंटर छोड़कर भाग खड़े हुए। कुछ बस संचालकों ने अपनी बसों को सड़क से हटा लिया।
बिधूना एसडीएम गरिमा सौनकिया ने बताया कि अवैध रूप से संचालित हो रहीं बसों पर कार्रवाई की गई है। बिना परमिट के बसों को किसी भी सूरत में चलने नहीं दिया जाएगा। एआरटीओ एनसी शर्मा ने बताया कि अभी तक 16 बसों पर कार्रवाई की जा चुकी है। कार्रवाई जारी है।
सीट को लेकर कस्बे में एजेंट व यात्री के बीच शुक्रवार को विवाद के बाद मारपीट हो गई। जिसमें एजेंट गौरव कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मारपीट में शामिल कुदरकोट के गांव धनवाली गोलू व ऋषि व नवीन बस्ती निवासी एजेंट गौरव कश्यप का शांतिभंग में चालान किया है।