औरैया। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने अरिंद नदी पुल के बजट की पहली किस्त 2.47 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दी है। अभी एक पुल पर ही वाहन दोनों ओर से निकलते हैं। इससे दुर्घटना का खतरा भी रहता है।
नेशनल हाईवे-21 बिलरायां-पनवाड़ी मार्ग पर अरिंद नदी है। सहायल क्षेत्र में पड़ने वाली इस नदी को पार करने के लिए एक पुल बना हुआ है जिस पर दोनों ओर से वाहनों का आवागमन होता है। पुल सकरा होने से हादसों का खतरा भी रहता है। परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने एक और पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। विभाग ने इसका एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा था। विभाग ने पुल की लागत 8.26 करोड़ रुपये बताई थी।
शासन ने प्रस्ताव स्वीकृत करने के बाद शनिवार बजट को भी स्वीकृति दे दी। पहली किस्त के रूप में विभाग को 2.47 करोड़ रुपये मिलेंगे। दो पुल हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना कि काफी समय से पुल के निर्माण की मांग की जा रही है।
आवागमन सुलभ बनाने के लिए अरिंद नदी पर नया पुल बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने इसके बजट की पहली किस्त स्वीकृत कर दी है। पैसा आते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। - आकिल कुरैशी, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी