औरैया। एक सप्ताह पहले की तरह रविवार रात मौसम ने फिर से करवट ली। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। सोमवार सुबह तो बूंदाबांदी के बीच आंधी भी चली।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 36 से 32 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामपलट ने बताया कि रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरा है। मंगलवार को भी हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने के आसार हैं।
जनपद में गेहूं की कटाई लगभग पूरी हो गई है। वहीं कुछ स्थानों पर खेतों में भूसा ही शेष बचा था जो सोमवार सुबह के समय आई तेज आंधी के साथ उड़ गया। सोमवार सुबह जब लोगों की आंख खुली तो बूंदाबांदी के बीच तेज हवा चलती मिली। लोग कुछ समझ पाते सुबह सात बजे के बाद तेज आंधी भी चली।
ऐसे में पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। आंधी व बूंदाबांदी के बीच सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक आ पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री पर रहा।
आंधी के चलते ग्रामीण क्षेत्र में आम के बागानों में काफी नुकसान देखने को मिला। कच्चे आम टूटकर गिर गए। सोमवार दोपहर के समय भी तेज हवा चलती रही। ऐसे में धूप का असर नाकाफी रहा।