औरैया। डीसीएम से कांवड़ लेकर जाते समय कानपुर-इटावा हाईवे पर एक ट्रक ने डीसीएम में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आठ कांवड़िये घायल हो गए।
आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए ट्रक पर पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह कोतवाल व सीओ से भिड़ गए।
इस दौरान पुलिस फोर्स ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाने का प्रयास किया। गुस्साई भीड़ ने ट्रक मालिक व पुलिस पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उन्हें शांत कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सावन के तीसरे सोमवार को जनपद जालौन से काफी संख्या में लोग यमुना पुल बंद होने के कारण डीसीएम से कांवड़ लेकर बुंदेलखंड होते हुए गांव खानपुर स्थित देवकली मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान कानपुर-इटावा हाईवे पर मंडी समिति के पास कांवड़ ले जा रहे डीसीएम में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में जनपद जालौन थाना माधवगढ़ के गांव मेंघनी निवासी साकेत, कुलदीप, विवेक, नीलेश, सलिल, गोपाल, अंशुल, मोहित घायल हो गए। उन्हें चिचौली स्थित मेडिकल काॅलेज ले जाया गया। वहां से कुलदीप, विवेक, अंशुल, मोहित को सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।
इधर, हाईवे पर आक्रोशित उनके साथियों ने टक्कर मारने वाले ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। जानकारी पर पुलिस पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
इसी दौरान नाराजगी जता रहे लोगों को कोतवाल व सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने समझाने का प्रयास किया, तो कांवड़िये उनसे भिड़ गए। वह ट्रक मालिक को बुलाने व अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। तीखी नोकझोंक के बाद उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कर दिया गया।
बाद में हाईवे पर जाम हटवाकर यातायात सामान्य किया गया। एसपी अभिजित आर शंकर बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। ट्रक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।