फोटो- 22 एयूआरपी 23 कार्यक्रम में खीर खिलाकर बच्चे का अन्न प्राशन करते ब्लॉक प्रमुख। संवाद
बिधूना। ग्राम भिखरा स्थित कंपोजिट विद्यालय में मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोमवार को महिला शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया गया। महिला शक्ति सम्मेलन में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इसके जरिए ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख गीता सेंगर के प्रतिनिधि आदर्श ठाकुर ने बच्चों को खीर खिलाकर किया। शिविर में बाल विकास पुष्टाहार, स्वास्थ्य विभाग, आयुष, ग्राम विकास, महिला कल्याण, कृषि, उद्यान, खाद एवं रसद, समाज कल्याण, जल निगम, ग्रामीण विद्युत, पंचायती राज व आयुष्मान विभाग के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों क्षेत्र की महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
बाल विकास व पुष्टाहार विभाग द्वारा बच्चों का मुंह मीठा करने के साथ गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, गोदभराई व किट वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान चार लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। राशन कार्ड पंजीकरण, महिला पेंशन व वृद्धा पेंशन जैसी सुविधाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग ने 32 मरीजों को दवा दी। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने महिलाओं को मिशन शक्ति 5.0 के तहत सुरक्षा व जागरूकता से जुड़े संदेश दिए।
इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिभाग किया। बीडीओ रामदुलार ने बताया कि सम्मेलन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें योजनाओं की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।