अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र में दिवाली के दिन गुरुवार की शाम सड़क किनारे बने शौचालय के पास शराब पी रहे युवकों ने गालीगलौज का विरोध करने पर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी के छोटे भाई मोहित को चाकू से गोद दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दो अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
कस्बा अटसू के मोहल्ला श्यामनगर निवासी मोहित तिवारी (22) गुरुवार देर शाम बाजार से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में स्थित शौचालय के पास से गुजर रहा था तभी शराब पी रहे अटसू कस्बा निवासी प्रेम दोहरे और उसके पुत्र सचिन दोहरे व सीटू पोरवाल ने मोहित को गालियां देनी शुरू कर दीं। मोहित ने विरोध किया तो झगड़ा करने लगे। आरोप है कि तीनों ने हत्या के इरादे से मोहित पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में मोहित को छोड़कर फरार हो गए।
परिजन मोहित को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मोहित को मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया। चिचौली से युवक को सैफई रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के चाचा प्रेम कृष्ण तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्र ने बताया कि आरोपियों पर रिपोर्ट दर्जकर सीटू व सचिन दोहरे को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी पिता-पुत्र की तलाश चल रही है।