औरैया। दीपावली पर्व के दूसरे दिन घर-घर गोवर्धन महाराज की पूजा की गई। घर के आंगन में गोबर से गोवर्धन महाराज के स्वरूप को पूजा गया। अन्नकूट का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया।
दो दिन दीपावली पर्व मनाया गया। इसके दूसरे दिन शुक्रवार और शनिवार को घर-घर के आंगन में गोबर से गोवर्धन महाराज के स्वरूप की रोली, चावल, खीर, बताशे, जल, दूध, पान, केसर, फूल और दीपक जलाकर गोवर्धन भगवान की पूजा की गई। पूजन विधि विधान से किया गया। भक्तों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज के जयकारे लगाए।
गोवर्धन पर्व को लेकर सब्जी मंडी, ब्लॉक गेट के पास सजे सब्जी के बाजारों में लोग खरीदारी करते दिखे। जहां सब्जियां हाथों हाथ बिक गईं। शाम के समय गोवर्धन आरती के बाद परिक्रमा लगा लोकगीत गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट विराज रहयो.... गाकर पूजन किया। इसके साथ ही अन्नकूट व कढ़ी भात का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया।
गोवर्धन महाराज की पूजाकर 56 भोग लगाया
अछल्दा। कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र में गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया गया। घरों में गोवर्धन महाराज की पूजन के बाद गोधन अर्थात गाय, बछड़ा, बैल की पूजा हुई। गोवर्धन महाराज के नाभि पर एक मिट्टी का दीपक स्थापित कर विधि विधान से पूजा-अर्चना कर लोगों ने परिक्रमा की। कहा जाता है कि इस दिन सच्चे दिल से गोवर्धन भगवान की पूजा करने से साल भर भगवान श्री कृष्ण की कृपा बनी रहती है। वहीं कई तरह के अन्न के मिश्रण से बने भोजन को भगवान कृष्ण को भोग लगाया गया। कुछ जगहों पर 56 प्रकार के भोग भगवान कृष्ण को अर्पित किए गए। मान्यता यह है कि एक बार ब्रज में रहने वाले लोग अधिक वर्षा होने से परेशान हो गए थे। तब ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने विशाल गोवर्धन पर्वत को छोटी उंगली में उठाकर हजारों जीव-जतुओं और इंसानों को भगवान इंद्र के कोप से बचाया था। श्रीकृष्ण ने इंद्र के घमंड कोचूर-चूर कर गोवर्धन पर्वत की पूजा की थी। इस दिन लोग अपने घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन बनाते हैं। (संवाद)
आज शुरू होगा भागवत कथा एवं साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ
- कथावाचक आचार्य मनोज अवस्थी जी महाराज करेंगे प्रवचन
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर के ब्लॉक गेट के समीप श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार को विशाल कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। इसकी तैयारियों को शनिवार की देर रात तक अंतिम रूप दिया गया।
अखिल भारतीय पुरवार पोरवाल महासभा के जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक शिव कुमार गुप्ता ने बताया कि इटावा रोड स्थित ब्लॉक गेट के समीप भक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों पर भ्रमण करने के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समाप्त होगी। उन्होंने बताया आचार्य मनोज अवस्थी जी महाराज द्वारा दोपहर एक से शाम पांच बजे तक प्रवचन किए जाएंगे।
10 नवंबर को कथा और 11 नवंबर को विशाल भंडारे के साथ भक्ति कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रोफेसर सुशील गुप्ता, विनय पुरवार, विपिन पुरवार, विवेक पुरवार, छोटे पोरवाल आदि लोगों द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कथा के होने वाले प्रवचन कार्यक्रम
पांच नवंबर को स्कंद, भगवान के 24 अवतार एवं व्यास नारद जी संवाद, छह नवंबर को शुकदेव जी आगमन, ध्रुव चरित्र, अजामिमल एवं प्रहलाद कथा, सात नवंबर को गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन एवं रामावतार श्री कृष्ण जन्मोत्सव, आठ नवंबर को श्रीकृष्ण बाल लीला एवं गोवर्धन लीला, नौ नवंबर को महारास कंस वध, उद्धव गोपी संवाद एवं कृष्ण रुक्मिणी विवाह, 10 नवंबर को सुदामा चरित्र, योगेश्वर 24 गुरु परीक्षित मोक्ष कथा का समापन होगा। 11 नवंबर दिन सोमवार को हवन पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
पुलिस कर्मियों को पीटने में एक आरोपी जेल भेजा गया, पिता-पुत्र फरार
-क्षतिग्रस्त पुलिया से डीसीएम निकालने से रोकने पर आरोपियों ने की मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
अयाना। थाना क्षेत्र में प्रतिबंध के बाद भी क्षतिग्रस्त पुलिया से डीसीएम निकालने से मना करने पर एक ही परिवार के तीन लोगों ने सिविल वर्दी में पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इसमें एक सिपाही घायल हो गया। पीड़ित सिपाही की तहरीर पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जबकि फरार हुए गिरफ्तार आरोपी के पिता व पुत्र की पुलिस तलाश कर रही है।
अयाना थाना में तैनात हेड कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार ने तहरीर दी। बताया कि गुरुवार शाम को वह कांस्टेबल मनोज कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। जुहीखा भीखेपुर मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया पर प्रतिबंध के बाद भी एक डीसीएम निकल रही थी। रोकने पर पास में अनाज का फड़ लगाए जैनपुर कोतवाली अजीतमल निवासी फूल सिंह, संतोष व संतोष का पुत्र जबरन डीसीएम निकलवाने लगे। इस पर सिपाहियों ने उन्हें उच्चाधिकारियों की ओर से पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर लगाई गई रोक की जानकारी दी। इस पर तीनों लोगों ने कुल्हाड़ी व बल्ली लेकर सिपाहियों से मारपीट शुरू कर दी। इससे वह घायल हो गया।
मामले में पुलिस ने संतोष को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। जबकि पिता फूल सिंह व संतोष का पुत्र फरार हो गए। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि घायल सिपाही को डॉक्टरी के लिए सीएचसी अयाना भेजा गया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि इस घटना में एक आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं दूसरे आरोपियों संतोष के पिता फूल सिंह व उसके पुत्र की पुलिस तलाश कर रही है।
रंगदारी देने से मना करने पर व्यापारी के पुत्रों को पीटा
- शहर के सदर बाजार में शुक्रवार की सुबह नौ बजे की घटना
- आए दिन व्यापारियों के साथ हो रहीं घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शराब के नशे में युवकों ने व्यापारी के पुत्रों को पीट दिया। घटना स्थल पर एकत्रित हुए व्यापारियों ने नाराजगी जताई। कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के बाद अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना व्यापारी के प्रतिष्ठान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई।
शहर स्थित सदर बाजार में राजेंद्र उर्फ राजू कुमार गुप्ता की किराना की दुकान है। दुकान के ऊपर ही मकान बना हुआ है। व्यापारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह लगभग नौ बजे घर पर कुछ रिश्तेदार आए थे। आरोप है कि घर के सामने एक दुकान के बाहर शराब पी रहे तीन युवकों में एक युवक ने आकर उनका दरवाजा खटखटाया। उनके पुत्र ने बाहर जाकर युवक से बात की तो दोनों के बीच रंगदारी और मकान के अंदर जाने को लेकर बहस होने लगी। आवाज सुनकर व्यापारी का दूसरा पुत्र व अन्य परिजन भी गेट पर आ गए। तभी शराब पी रहे अन्य दो युवक भी गेट के पास आए और व्यापारी के पुत्रों को पीटने लगे। इस बीच व्यापारी राजेंद्र वहां पहुंचे तो आरोपी धमकाते हुए चले गए।
व्यापारी राजेंद्र ने घटना की जानकारी व्यापारी नेताओं और कोतवाली पुलिस को दी। व्यापारी नेता राजेश बाजपेयी, अमर विश्नोई, विजयकांत पुरवार, सतीश वर्मा, सुधीर पुरवार आदि व्यापारी मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताया। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने पूछताछ के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि अक्सर शराबी युवक व्यापारियों व दुकानदारों के साथ मारपीट करते हैं। रंगदारी मांगते हैं। इससे पहले भी घटनाएं घट चुकी हैं। इस घटना के साथ-साथ बीते दिनों की घटनाओं की सीसीटीवी की रिकार्डिंग पुलिस को दिखाई गई। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि व्यापारी के साथ हुई घटना में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। तहरीर मिलने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
लापता महिला का शव नदी में मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। तीन दिनों से लापता महिला का शव गुरुवार की देर रात यमुना नदी में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सदर कोतवाली के गांव मढ़ापुर निवासी करन सिंह ने पुलिस को बताया कि 28 अक्तूबर को उसकी पत्नी अभिलाषा (52) हर रोज की तरह इटावा रोड स्थित साईं मंदिर पर दर्शन करने गई थीं। वापस नहीं लौटी। खोजबीन के बाद कोई जानकारी नहीं मिली। करन सिंह ने बताया कि अभिलाषा का मोबाइल फोन गांव के पास यमुना नदी किनारे पड़ा मिला है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू की गुरुवार की देर रात नदी में शव उतराता मिला। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।