फफूंद-ककोर मार्ग स्थित देविन का पुर्वा गांव में बच्चों व पत्नी के साथ रिश्तेदारी में स्कार्पियो कार से जा रहे एक दरोगा पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना उस समय हुई, जब सड़क पर दो गुट आमने- सामने आ गए। उसी दौरान दरोगा की स्कार्पियों भी बदमाशों की फायरिंग का शिकार हो गई।
फायरिंग में स्कार्पियों में सवार दरोगा व परिवारीजन बाल बाल बच गए। घटना से दहशत में आए दरोगा ने थानाध्यक्ष को आपबीती बताते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस बदमाशों की तलाश में रातभर गांवों में खाक छानती रही, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लगा सकी।
मंगलवार देर शाम फफूंद थाना के ग्राम नरिया का पुर्वा निवासी अनिल कुमार, जो कि थाना सिकंदराबाद बुलंदशहर में एसआई के पद पर तैनात है। वह अपनी पत्नी, मां व बच्चों के साथ स्कार्पियो कार से ग्राम देवेन का पुर्वा रिश्तेदारी में जा रहा था।
वह ग्राम कोठीपुर के समीप पहुंच,े तभी सड़क पर बाइक सवार फफूंद निवासी मोनू अग्निहोत्री, सोनू धोबी निवासी कटरा मनेपुर फफूंद व लला तिवारी निवासी रानीपुर थाना फफूंद व उनका एक अन्य साथी राजा ठाकुर निवासी ग्राम अकबरपुर डाढ़ा का किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों से हथियार निकल आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इससे मार्ग से गुजर रहे दरोगा की स्कार्पियों भी फायरिंग की चपेट में आ गई। फायरिंग होते देख दरोगा व परिजन किसी तरह से बच गए।
सरेशाम घटना से दहशत में आए दरोगा ने थाना फफूंद पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताते हुए नामजद लोगों के विरुद्घ अभियोग पंजीकृत कराया है। इधर बदमाशों की तलाश में पुलिस रातभर गांव की खाक छानती रही लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
घटना के संबंध में फफूंद थानाध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि अराजक तत्वों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही सरे राह फायरिंग करने वाले आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई होगी।