संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर सोमवार भोर एक ट्रक में पीछे से आई तेज रफ्तार ईको कार जा घुसी। इससे उसमें सवार आठ लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं एक युवक को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया।
सोमवार सुबह चार बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 260 पर एक तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इससे कार चालक शिवांशु कुमार और उसमें सवार मनोहर, विजय पाल, गोविंद, रिंकू, अशोक, गंगाराम और विनोद निवासी बेटला, थाना गढ़ी जिला संभल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष गंगादास गौतम भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस से घायलों को 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को भी सूचना दी गई। घायलों में कार चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे डाक्टर ने सैफई रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया की सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। सभी घायल मजदूर थे और ठेकेदार के साथ भूसा खरीदने के लिए नौगंवा जा रहे थे। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया था।