कंचौसी। ढिकियापुर के किसान डीएपी और यूरिया खाद लेने के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्हें खाद के लिए करीब नौ किलोमीटर दूरी तय कर ग्राम कसहा की सहकारी समिति तक दौड़ लगानी पड़ती है। किसानों ने गांव में ही सहकारी समिति खोलने की मांग की है।
किसानों ने बताया कि कसहा का रास्ता ठीक न होने के कारण गांव के लोगों को परेशानी होती है। यहां के अधिकांश किसान कृषि पर ही निर्भर रहते हैं। गांव के नंदू शर्मा, रामस्वरूप राजपूत, कमलेश दोहरे, बेंचेलाल कुशवाहा, जितेंद्र राजपूत, आदर्श कश्यप आदि ने बताया कि जरूरत के समय भाग्यनगर की सहकारी समिति पर खाद लेने जाते हैं लेकिन वहां पर अन्य ब्लॉक का निवासी बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। किसानों ने डीएम से ढिकियापुर में ही सहकारी समिति खुलवाने की मांग की है। किसानों ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से शिकायती पत्र भी भेजा है।