औरैया। सघन चेकिंग अभियान में इस बार पुलिस कर्मचारियों के अलावा एसपी, एएसपी व सीओ ने भी बैंकों में जाकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था परखी। इस दौरान संदिग्ध दिखाई देने वाले लोगों को चेतावनी भी दी गई। साथ ही लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारियां देते हुए संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल 112 नंबर व स्थानीय थाना प्रभारी के नंबर पर सूचना देने की सलाह दी गई।
सोमवार को बैंकों की सुरक्षा को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस मौके पर एसपी सुनीति ने दिबियापुर व अजीतमल पहुंचकर बैंकों की सुरक्षा को परखा। इन स्थानाें पर बैंकों की जांच के दौरान एसपी ने सीसीटीवी कैमरे, अलार्म, सुरक्षा में लगे गार्डों को चेक किया। चेकिंग के दौरान मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तत्काल 112 नंबर व स्थानीय थाना प्रभारी के नंबर पर सूचना देने की अपील की। इस दौरान बैंक के आसपास दिखे संदिग्ध लोगों को सख्त चेतावनी भी दी। जिले भर में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान एएसपी कमलेश दीक्षित ने भी बैंकों मेें पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव, सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह, सीओ अजीतमल कमलेश पांडेय के अलावा सभी थाना क्षेत्रों में संबंधित थानाध्यक्षों ने सघन चेकिंग अभियान को गति दी।