औरैया। प्रदेश में जगह-जगह चल रहे कैब के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। मंगलवार को एसपी सुनीति ने अफसरों और फोस के साथ संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में रूट मार्च किया। इस दौरान उन्होंने तमाम लोगों से बातचीत की। साथ ही लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया।
नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कई जगह आगजनी की घटनाएं हुई है। इसके मद्देनजर शासन ने प्रदेश के सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी है। इसी के तहत जिले में भी धारा 144 लागू की गई है। मंगलवार को एसपी के आदेश पर सभी अफसरों ने फोर्स के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैग भ्रमण किया। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही सुरक्षा का भरोसा भी दिया। एसपी भी फोर्स के साथ सड़क पर निकली। उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। इस दौरान एएसपी कमलेश दीक्षित व एसडीएम सदर अनुपम शुक्ला साथ रहे। सदर कोतवाली से शुरू हुआ एसपी का रूट मार्च जेसीज चौराहा होते हुए डीएम आवास रोड, जिला अस्पताल, संजय गेट, तिलक महाविद्यालय रोड, जमालशाह, कसबा खानपुर पहुंचा। वहां से वापस खानपुर चौराहा होते हुए रोडवेज बस स्टैंड, सुभाष चौक, दिबियापुर रोड, सदर तहसील, होमगंज सदर बाजार, गुमटी मोहाल, होते हुए वापस सदर कोतवाली पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान एसपी ने कहा कि जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों का बख्शा नहीं जाएगा। व्हाट्सअप, ट्वीटर, फेसबुक पर अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों पर भी सर्विलांस टीम नजर रख रही है।