औरैया। कोतवाली में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर एएसपी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिछली शिकायतों की हकीकत को जानने के लिए पीड़ितों से फोन किया, तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। फर्जी निस्तारण पाए जाने पर एएसपी ने पुलिस कर्मियों को फटकार लगाते सख्त चेतावनी दी। साथ ही बदनपुर चौकी इंचार्ज समेत अन्य उप निरीक्षकों को पीड़ितों से दोबारा मिल और उनकी शिकायतों का सही तरह से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कोतवाली में आयोजित सामाधान दिवस पर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने अचानक पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनी। इस दौरान उन्होंने पिछले समाधान दिवसों पर आईं शिकायतों के निस्तारण की हकीकत को रजिस्टर में दर्ज पीड़ित से फोन पर संपर्क कर जाना। इसमें सुशीला देवी निवासी पसौली की शिकायत का निस्तारण फर्जी निकला। अन्य पीड़ितों से संपर्क करने पर भी नतीजा वही देखने को मिला।
इससे नाराज एएसपी ने बदनपुर चौकी इंचार्ज विनोद यादव के साथ अन्य उप निरीक्षकों को मौके पर जाकर सही से समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को चेतावनी दी कि यदि अगली बार इस तरह की गलती देखने को मिली, तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।