घसारा गांव में वाहन चेकिंग करते डीएम के बालाजी
- फोटो : अमर उजाला
आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के लिए डीएम जिले में घूम रहे हैं। रविवार रात डीएम ने अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम घसारा गांव के पास वाहनों की चेकिंग की तो उन्हें सपा प्रत्याशी की गाड़ी पर प्रचार सामग्री लगी मिली। चालक बोलेरो गाड़ी के कागज नही दिखा पाया। इस पर बोलेरो को सीज कर दिया गया।
रविवार शाम लगभग सात बजे डीएम के. बालाजी व अन्य निर्वाचन अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए जिले के बार्डर के गांव घसारा पहुंचे। वहां उन्होंने मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान कई वाहनों की तलाशी ली गयी। तो वहीं चेकिंग देख कई वाहन चालकों ने अपने रास्ते बदले। इस दौरान प्रचार करने वाले मिले वालों के अनुमति पत्र भी डीएम ने चेक किया। इसी बीच सपा प्रत्याशी प्रदीप यादव की प्रचार गाड़ी बुलेरो जीप यूपी 75 जे 1701 को डीएम ने रोका और उस पर लगे प्रचार सामिग्री के संबंध में अनुमति पत्र मांगा। गाड़ी के चालक न तो अनुमति पत्र दिखा पाया और न ही गाड़ी के कागज।
इस पर डीएम ने तुरंत बोलेरो को सीज करा दिया। डीएम के. बालाजी ने बताया कि वाहनों की चेकिंग अभियान चुनाव होने तक जारी रहेगा। वहीं आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के लिए वह स्वयं क्षेत्र में रहेंगे। उन्होंने बताया कि दिन हो चाहे रात वह स्वयं वाहनों की चेकिंग अभियान जिले के किसी न किसी क्षेत्र मेें करेंगे। डीएम के वाहन चेकिंग पर निकलने पर क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।