फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: सपा ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप, भाजपाइयों से नोकझोंक

विज्ञापन
फोटो-19- एरवाकटरा बूथ के बाहर सपाइयों को समझाते थानाध्यक्ष गंगादास गौतम और पीछे खड़े भाजपा नेता
विज्ञापन
औरैया। जनपद में शुक्रवार को शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव की वोटिंग सपा और भाजपा के गतिरोध में बदल गई। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपाइयों पर बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सोशल मीडिया पर शिकायतें की गईं और पूरे दिन नोकझोंक जारी रही।
विज्ञापन

जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। एरवाकटरा ब्लॉक में दोपहर ढाई बजे के करीब अफरा-तफरी मच गई। फर्जी मतदान के आरोप पर ब्लॉक प्रमुख प्रियंका यादव के पति मिथलेश यादव की थानाध्यक्ष गंगादास गौतम से झड़प हुई। यहां लोग वीडियो बनाकर गतिरोध को सार्वजनिक करते रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध करने पर हाथापाई की नौबत भी आई। इससे पहले समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो पोस्ट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा गया। सपा प्रत्याशी के मतदान अभिकर्ता ने एक महिला मतदाता को फर्जी बताकर आपत्ति जताई, जिसके बाद गतिरोध बढ़ा। एसडीएम बिधूना कमल सिंह और सीओ पी पुनीत मिश्रा भी पहुंचे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से एरवाकटरा का मामला शांत हुआ।
एरवाकटरा के बाद बिधूना में भी सपा और भाजपा के कार्यकर्ता मतदान केंद्र के बाहर नोकझोंक करते दिखे। सपाइयों ने भाजपाइयों पर मतदान केंद्र में घुसने और फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की, जिसमें भाजपा नेता विमल दुबे और आदर्श ठाकुर पर पीठासीन अधिकारी को हटवाने के प्रयास का आरोप था। एएसपी आलोक मिश्रा और एडीएम अविनाश चंद्र के पहुंचने पर बिधूना में स्थिति शांत हो सकी।
विज्ञापन

नगर पालिका परिषद के बूथ पर शाम तीन बजे सपाइयों ने हंगामा किया। उन्होंने सदर विधायक गुड़िया कठेरिया और सौरभ भूषण शर्मा व अन्य पर बूथ के अंदर सपा के एजेंटों को पकड़ कर बैठाने का आरोप लगाया। अजीतमल में भी मारपीट और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। सपाई सड़क पर बैठ गए, जिन्हें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आश्वासन पर शांत कराया गया तथा घायल सपाइयों के मेडिकल परीक्षण के निर्देश दिए गए। भाग्यनगर में भी गतिरोध को लेकर सपाइयों ने विरोध जताया।

सपा जिलाध्यक्ष ने जिला निर्वाचन अधिकारी को दिया शिकायती पत्र
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि बूथों पर भाजपाइयों ने बूथ कैप्चरिंग की है। सदर विधायक गुड़िया कठेरिया व सौरभ भूषण शर्मा अपने 50-60 लोगों के साथ नगर पालिका बूथ में घुसे। इसके बाद अजीतमल भी पहुंचे। कैप्चरिंग का विरोध करने पर सपा कार्यकर्ता अमरदीप, अर्जित कुशवाहा, एजेंट हरिशंकर यादव व मधु यादव के साथ मारपीट की। इसके अलावा योगेश विरासिया की खोपड़ी फोड़ दी। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी से सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराने, जांच कराने और निर्वाचन निरस्त करने की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन को ढाल बनाकर भाजपाई चुनाव जीतना चाहते हैं।
फोटो-23-अजीतमल कोतवाली के बाहर नारेबाजी करते सपाई। संवाद
बैठक के बाद दौड़ीं सपाइयों की गाड़ी
बूथ कैप्चरिंग के आरोप वाले वीडियो सामने आने के बाद शहर स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय के बाहर जुटे। यहां सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, ओमप्रकाश ओझा, लालजी शुक्ला, सुमन दिवाकर, रश्मी यादव, राजेश सिंह कुशवाह, महेंद्र त्रिपाठी, पल्लवी पाल समेत कई सपाई अजीतमल व अन्य बूथों के लिए रवाना हुए। अजीतमल में सपा नेत्री पल्लवी पाल के नेतृत्व में सपाई सड़क पर धरना देने के लिए बैठ गए। वहीं, रात को सपाई अजीतमल कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
भाजपा ने कहा कि बूथ कैप्चरिंग का आरोप निराधार
सपा के हंगामा करने पर भाजपा के पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया नगर पालिका परिषद के बूथ के बाहर पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान उन्होंने सपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। कहा कि सपा को हार का डर सता रहा है। इसलिए वो बौखलाकर ऊल-जलूल बयानबाजी कर रहे हैं। पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न हुआ है।

फोटो-19- एरवाकटरा बूथ के बाहर सपाइयों को समझाते थानाध्यक्ष गंगादास गौतम और पीछे खड़े भाजपा नेता

फोटो-19- एरवाकटरा बूथ के बाहर सपाइयों को समझाते थानाध्यक्ष गंगादास गौतम और पीछे खड़े भाजपा नेता

फोटो-19- एरवाकटरा बूथ के बाहर सपाइयों को समझाते थानाध्यक्ष गंगादास गौतम और पीछे खड़े भाजपा नेता

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें