औरैया। क्षेत्र के करमपुर-महारतपुर मार्ग पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान वहां पहुंचे दो सिपाहियों के साथ मौके पर मौजूद भीड़ ने मारपीट कर दी। किसी तरह मामला शांत हुआ। शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने सिपाहियों से इस मामले में पूछताछ की, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। देर राततक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। इधर सिपाहियों ने हाथापाई की बात स्वीकार की है।
करमपुर-महारतपुर मार्ग पर गन्ने का रस बेचने वाले ठेली चालक से कुछ लोगों का विवाद हो गया। घटना शुक्रवार की देर शाम की है। विवाद के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच गश्त करते हुए चौकी के सिपाही विनोद और रुपेश मौके पर पहुंचे। मौके पर भीड़ देख उन्होंने लोगों को शांत करने की कोशिश की।
इस बीच ग्रामीणों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए सिपाहियों के साथ मारपीट कर मौके से भाग निकले। शनिवार को सुबह मामला तूल पकड़ गया। इस घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को हुई तो सीओ अजीतमल ने सिपाहियों से घटना की जानकारी की।
इधर सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय ने मामला संज्ञान में आने के बाद घटनास्थल पर झगड़ा करने वालों में देवेंद्र पुत्र बाबू कठेरिया निवासी सिलौला थाना सिकंदरा उसके जीजा रामकुमार पुत्र कालका प्रसाद निवासी करमपुर कोतवाली अजीतमल और निर्मल कुमार पुत्र श्रीराम निवासी अड्डा बारदौली थाना अयाना को हिरासत में लिया।
जिनके खिलाफ इधर सिपाही विनोद और रुपेश ने बताया कि ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट नहीं की गई बल्कि हाथापाई हुई है। इधर पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार की देरशाम को सिपाहियों की पेशी पुलिस अधीक्षक के सामने होगी। जिसके बाद ही कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।