औरैया। जिले की सात ब्लॉकों की 38 ग्राम पंचायतों में करीब एक करोड़ 16 लाख से लगाई गई सोलर व स्ट्रीट लाइट जांच के लिए डीएम ने टीम गठित कर दी है। नेडा व विद्युत विभाग के अधिकारियों को दस दिन के अंदर स्थलीय जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। सोलर व स्ट्रीट लाइट लगवाने में नियमों की अनदेखी का मामला प्रकाश में आने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है।
जिले के औरैया, अजीतमल, भाग्यनगर, अछल्दा, एरवाकटरा, बिधूना व सहार ब्लॉक की कुुल 38 ग्राम पंचायतों में करीब एक करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट व सोलर लाइटें लगवाई गई थीं और इनका भुगतान भी अधिकांश ग्राम पंचायतों को कर दिया गया। स्ट्रीट लाइटों को बिना कनेक्शन लिए सीधे बिजली के खंभों से जोड़ दिया गया है। सोलर लाइटों में बड़े पैमाने पर शासन के नियमों को ताक पर रखने की शिकायत हुई थी। जिस पर डीएम अभिषेक सिंह ने नेडा व विद्युत विभाग के अधिकारी अभियंता की टीम गठित कर दस दिन के अंदर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। दिलचस्प बात यह है कि कई पंचायतों में अभी भी सोलर लाइटों को लगवाने का काम चल रहा है, जबकि भुगतान पहले ही निकाला जा चुका है। प्रशासन की इस कार्रवाई से संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों, सचिवों व एडीओ पंचायतों में हड़कंप मचा है।
कई बिंदुओं पर जांच करेगी जांच कमेटी
औरैया। डीएम अभिषेक सिंह ने नेडा व विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए है कि 38 ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइट लगाने से पूर्व कनेक्शन नहीं लिया गया, इस पर संबंधित के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई। क्रय की गई मूल्य की सामग्री एक लाख से अधिक है तो सामग्री क्रय करने से पूर्व टेंडर आमंत्रित किया गया है, या नहीं, सामग्री क्रय करने से कार्यों को टुकड़ों में विभाजित किया गया है। यदि किसी ब्लॉक से केंद्रीयकृत सामग्री की आपूर्ति की गई है और इस आशय की जानकारी एडीओ पंचायतों ने उच्चाधिकारियों को दी है कि नहीं। सहित कई बिंदुओं पर जांच करने की बात कही गई है।