औरैया। बिजली उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगने की शुरूआत शुक्रवार से हुई। पहले दिन 12 उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाकर विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को मीटर के बारे में जानकारी दी।
गुरुवार को शहर के शुभला फार्मेसी स्थित एक ट्रांसफार्मर पर जीनस पावर कंपनी की ओर से डीटी स्मार्ट मीटर लगाया गया था। यही कंपनी जिले भर के बिजली उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने का काम करेगी। इसके लिए सर्वे किया जा रहा है। शुभला फार्मेसी क्षेत्र का सर्वे का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके चलते स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुक्रवार से शुरू किया गया। एसडीओ अजय कुमार, जेई सुनील कुमार गौतम की मौजूदगी में 12 उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए। एसडीओ अजय यादव ने बताया कि शहर में सभी विद्युत उपभोक्ताओं के पुराने मीटर के स्थान पर नए स्मार्ट मीटर कार्यदायी संस्था मेसर्स जीनस द्वारा लगाए जाने का कार्य शुरू हो चुका है। बताया कि 2025 तक सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्मार्ट मीटर योजना एक महत्वाकांक्षी योजना है। जिसमें उपभोक्ताओं को कई प्रकार के लाभ जैसे स्मार्ट मीटर द्वारा रीडिंग आधारित सही बिल समय से (प्रत्येक माह की एक तारीख को) प्राप्त होगा। जिससे बिल खराब होने की संभावना खत्म हो जाएगी। समय से सही बिल प्राप्त होने के उपरांत तत्काल भुगतान पर विभाग द्वारा दो प्रतिशत का लाभ भी ले सकेंगे। स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड, प्रीपेड या नेट-मीटर के रूप में सोलर पैनल पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।