बिधूना (औरैया)। बेला थाना क्षेत्र में तिर्वा रोड पर मंगलवार को भदौरा मोड़ के पास ऑटो और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक समेत छह लोग घायल हो गए। इनमें गंभीर चार लोगों को पुलिस ने एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा।
कन्नौज के कोडर तिर्वा निवासी ऑटो चालक पंकज नागर बेला से सवारियां लेकर तिर्वा की ओर जा रहा था। भदौरा मोड़ के समीप बाइक में पेट्रोल भराकर निकले चालक ने बाइक अचानक मोड़ दी। इससे बाइक व ऑटो में टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद ऑटो पलट गया और उसमें बैठीं सवारियां नीचे दब गईं। घटना में ऑटो चालक पंकज नागर व रोहित निवासी तिर्वा, दीपक निवासी कन्नौज एवं बाइक चालक विशाल निवासी सिरयावा थाना बेला गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके अलावा दिपांशु (9) व आशा (36) को भी हल्की चोट आईं। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक बृजभूषण तिवारी व सलाहुद्दीन ने पंकज नागर, रोहित व दीपक को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भिजवाया है।
बाइक चालक विशाल को परिजन इलाज के लिए अपने साथ ले गए। ऑटो चालक के सिर में गंभीर चोट होने से हालत नाजुक बताई जा रही है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि ऑटो व बाइक की भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।