औरैया। जायद फसल के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने जनपद में मूंग, उड़द और मूंगफली की खरीद के लिए छह क्रय केंद्रों को स्वीकृति प्रदान कर दी है। डीएम के निर्देश पर इन केंद्रों पर शासन द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीद की जाएगी।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता संजीव कुमार गौतम ने बताया कि जिले में पीसीएफ, पीसीयू तथा यूपीएसएस के माध्यम से क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे। इनमें पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र एरवाटीकुर, बी-पैक्स लिमिटेड छछूद, बी-पैक्स लिमिटेड निगड़ा, बी-पैक्स लिमिटेड लखनपुर, सहकारी संघ लिमिटेड अटसू तथा औरैया मंडी स्थित ओशधीश फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को खरीद केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि शासन ने इस वर्ष मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8780 रुपये प्रति क्विंटल, उड़द का 8200 रुपये प्रति क्विंटल तथा मूंगफली का 7517 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। डीएम ने संबंधित क्रय एजेंसियों को शासन की गाइड लाइन के अनुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र केंद्रों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज निर्धारित क्रय केंद्रों पर ही बेचें, इससे उन्हें सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके और बिचौलियों से भी बचाव हो सके।