बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा से लापता हुईं देवरानी-जेठानी और उनके पांच मासूम बच्चे पुलिस को अहमदाबाद में मिल गए हैं। पुलिस उन्हें बिधूना कोतवाली लेकर पहुंची।
सोमवार को पुलिस ने परिजन को कोतवाली बुलाकर दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में घर छोड़ने की वजह पारिवारिक कलह बताई है।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि गांव बंथरा से 17 फरवरी की तड़के संजना उर्फ जूली और सरिता अपने पांच बच्चों शीतल, शिवन्या, शिवा, रिया व श्रद्धा के साथ अचानक घर से कहीं चली गई थीं। उनकी मोबाइल लोकेशन अहमदाबाद मिली थी। पुलिस की टीम उन्हें बिधूना ले आई है।
पूछताछ में सरिता ने बताया कि उनका पति उस पर शक कर प्रताड़ित करता है। वहीं, संजना ने बताया कि वह आए दिन होने वाली गाली-गलौज से तंग आ चुकी थी। इसी प्रताड़ना से आहत होकर दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया था। पुलिस ने दोनों महिलाओं की काउंसलिंग करने के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया। (संवाद)