औरैया। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को रफ्तार देने के लिए जिले में छह व सात दिसंबर को विशेष अभियान फिर से चलाया जाएगा।
इस कवायद के जरिए जिले में गणना प्रपत्रों की आवक व एप से अपलोडिंग का काम पूरा कराया जाएगा। इन दो दिनों में ही शत-प्रतिशत काम पूरा कराने का लक्ष्य डीएम ने दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को जूम मीटिंग के दौरान निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ जल्द पूरा कराया जाए। जिन बूथों पर प्रगति कम है, उन पर संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पहुंचकर कार्य को पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि मैपिंग के अवशेष कार्य को भी बृहस्पतिवार तक हर संभव प्रयास करते हुए पूरा करें।
उन्होंने बताया कि शनिवार व रविवार को विशेष वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के अवशेष कार्य को पूर्ण कराने के लिए दो दिन विशेष अभियान चलेगा। इस कवायद में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर समीक्षा करते हुए काम को पूरा कराएंगे।