दिबियापुर। कस्बा समेत चार गांव की जलनिकासी के लिए जिम्मेदार मैनपूठ नाले की सफाई का अभियान तीन माह से चल रहा है। नगर पंचायत के कर्मियों ने बुलडोजर से भले ही नाले से सिल्ट निकाल दी हो लेकिन यह अभी भी सड़क किनारे पड़ी है।
बारिश हुई तो यह सिल्ट वापस नाले में चली जाएगी। ऐसे में नाला फिर से चोक होने के हालात भी बन सकते हैं। दिबियापुर कस्बा समेत कैंझरी, जमुहां, घेरा व वैसुंधरा गांव की जलनिकासी मैनपूठ नाले के जरिए होती है। नाले में सिल्ट जमा होने की वजह से यहां पर हर साल जलभराव की स्थिति बनती है।
खास बात तो यह है कि घेरा की 200 बीघा जमीन साल के आठ माह जलभराव के चलते फसल विहीन रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए दिबियापुर नगर पंचायत प्रशासन ने इस बार मैनपूठ नाले की सफाई को लेकर वृहद अभियान चला रखा है।
तीन माह से चल रही इस कवायद के बीच नाले की सिल्ट निकालकर सड़क किनारे छोड़ दी गई है। दूसरी ओर मानसून दस्तक देने वाला है। बस अड्डे से होकर जाने वाले संकरे रास्ते के किनारे पड़ी यह सिल्ट लोगों के आवागमन को भी प्रभावित कर रही है।
बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सिल्ट का उठान अभी तक नहीं किया जा सका है। बुलडोजर से लेकर मैन्युअल कर्मियों से कराई जा रही नाले की सफाई पर बारिश पानी फेर सकती है।