संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। काफी समय से बीमार चल रही गांव मधवापुर निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके से भाइयों एवं परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव मधवापुर निवासी पानी के बताशे की ठेली लगाने वाले दिव्यांग पंकज निषाद की शादी 20 जून 2022 को जालौन में कालपी के ग्राम इटहा निवासी सुनीता (22) के साथ हुई थी। शनिवार को तड़के लगभग तीन बजे परिजनों ने दिबियापुर थाना पुलिस को सूचना दी कि सुनीता की बीमारी से मृत्यु हो गई है। नवविवाहिता की मृत्यु की सूचना पर तड़के लगभग तीन बजे दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान समेत पुलिस कर्मी पहुंचे।
यहां पर परिजनों ने बताया कि सुनीता काफी समय से बीमार चल रही थी। सुनीता का इलाज जालौन के कुठौंद से चल रहा था। तीन दिन पहले बुधवार को ही सुनीता अपनी ससुराल आई थी। शनिवार को तड़के सुनीता की हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दी गई। शनिवार को मृतका के भाई बलवीर एवं जयनारायण गांव पहुंचे। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतका की एक चार माह की दुधमुहीं बच्ची है। उधर सूत्रों के मुताबिक महिला ने बीमारी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।