औरैया। हाईवे पर सफर करना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। कानपुर से इटावा जाने वाली रोड पर इंडियन ऑयल चौकी के पास हाईवे की एक लेन और सर्विस रोड को दुकानदारों ने अपना निजी गैराज बना लिया है। सड़क पर वाहनों की मरम्मत से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
हालात यह हैं कि यहां बेखौफ होकर वाहनों की मरम्मत की जाती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस ने खानापूर्ति के लिए दुकानदारों को नोटिस तो थमाए, लेकिन दुकानदार पुलिस के इन कागजी हथियारों को ठेंगे पर रखकर बीच सड़क पर ट्रक और भारी वाहन खड़ा बेखौफ मरम्मत करते हैं।
हाईवे पर पहले भी यहां कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई नोटिस तक सीमित है। चालकों की मनमानी ऐसी है कि जहां मन किया, वहीं वाहन खड़ा कर दिया।
अजीतमल कोतवाली के गांव गणेश पुरवा निवासी श्रीपाल (60) सदर कोतवाली के गांव भाऊपुर स्थित ससुराल में 20 जनवरी को एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से वापस आने के दौरान मंडी के सामने ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जबकि एक ट्रक घटनास्थल के पास खड़ा मिला था। हादसे में वृद्ध की जान चली गई थी।
इटावा स्थित थाना इकदिल के गांव दाईपुर निवासी राहुल कुमार नौ जनवरी की सुबह अपने मौसेरे भाई गांव मोहरी निवासी प्रतीक कुमार (20) के साथ पुरानी कार खरीदने कानपुर गया था। उनके साथ मोहारी निवासी अमन प्रताप (20) भी था। वहां से लौटते समय गांव मुरादगंज स्थित ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से राहुल की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों घायल हो गए थे।
सदर कोतवाली की चौकी इंडियन ऑयल के पास 26 नवंबर 2025 भीषण हादसे में स्कूटी सवार दंपती जालौन स्थित थाना गोहन के गांव दादरपुर निवासी लल्लन सिंह (65) व उनकी पत्नी रेशमा (60) की जान चली गई थी। इंडियन ऑयल चौके पास खड़ा वाहन हादसे की वजह था। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने मरम्मत करने वालों को दौड़ाया भी था। इसके बाद कार्रवाई शून्य रही।
दुकानदारों को हाईवे पर वाहनों को खड़ा कर मरम्मत करने से मना किया जाएगा। इसके बाद भी नहीं माने तो कार्रवाई की जाएगी।
- पी. पुनीत मिश्रा, सीओ ट्रैफिक
फोटो-6-इंडियन ऑयल चौकी के पास हाईवे पर खड़ा डंपर। संवाद