फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस ने देवरपुर में सब्जी बेच रहे दुकानदारों पर भांजी लाठियां

विज्ञापन
विज्ञापन
फफूंद औरैया रोड पर देवरपुर गांव में सब्जी बेच रहे दुकानदारों को पुलिस ने जमकर पीटा। आरोप है कि पिटाई के बाद पुलिस कर्मी उनके रुपये, तराजू-बांट भी उठा ले गए। जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस कर्मी वहां से चले गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन

फफूंद थाना क्षेत्र के गांव देवरपुर में नजदीकी गांव के गरीब दुकानदार सप्ताह में दो बार सब्जी की दुकान लगाकर आजीविका चलाते हैं। सब्जी विक्रेताओं का आरोप है कि सोमवार की शाम को वह फफूंद थाने के हल्का नंबर चार के एक दरोगा लगभग छह सिपाहियों के साथ देवरपुर गांव पहुंचे। उन्होंने बाजार में सब्जी बेच रहे दुकानदारों पर लाठी बरसाते हुए उनकी सब्जी फेंक दी।
साथ ही उनके रुपये व तराजू, बांट उठवाकर गाड़ी में रख लिए। मारपीट होते देख गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान ग्रामीणों में पुलिस कर्मियों द्वारा सब्जी विक्रेताओं के साथ बेवजह मारपीट करने को लेकर आक्रोश व्याप्त हो गया। मामला बिगड़ते देख पुलिस कर्मी मौके से खिसक गए। तथा जाते समय तराजू व बांट वहीं फेंक गए।
विज्ञापन

गांव सिम्हारा निवासी गरीब सब्जी दुकानदार आनंद ने बताया की पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और उसकी दुकानदारी के रखे लगभग छह हजार रुपये भी उठा ले गयी। अपनी ननिहाल गांव बरौआ में रहकर सब्जी बेचकर अपने परिवार को पाल रहे चंदन ने बताया कि सोमवार की देर शाम पुलिस अचानक बाजार में आकर डंडा चलाने लगी। उसके भी तराजू-बांट व 1200 रुपये उठा ले गई। कहने पर तराजू-बांट तो वापस कर दिए लेकिन रुपये वापस नहीं किये। गांव द्वारिकापुर निवासी प्रकाश ने बताया कि पुलिस के डंडा चलाने के चलते बाजार में भगदड़ मच गयी।
इस बीच पुलिस कर्मी उसके भी तराजू-बांट के अलावा बिक्री के रखे लगभग साढ़े तीन हजार रुपये उठा ले गए। घटना के समय मौके पर मौजूद सब्जी विक्रेता विक्रम, शीलू, गोपाल, छुन्नू, राधे, प्रदीप, सुनील, हिमांशु में पुलिस की इस बर्बरता पूर्ण कार्रवाई को लेकर खासा आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित सब्जी व्यापारियों ने एसपी सुनीति से मामले की जांच कराए जाने और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
घटना के संबंध में फफूंद थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि बाजार में काफी भीड़ की सूचना मिलने पर एसपी के आदेश पर पुलिस वहां गयी थी। किसी के साथ न तो मारपीट की गई है और न किसी के कोई रुपये पैसे पुलिस ने लिए है। सभी आरोप गलत हैं। एसपी सुनीति ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें