यूपी के औरैया जिले में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर गुरुवार को सुबह साढ़े छह बजे अप लाइन पर शताब्दी एक्सप्रेस से गाय टकरा गई। इससे शताब्दी एक्सप्रेस का प्रेशर पाइप खुल गया। गाय के अवशेष इंजन में फंसने से ट्रेन रुकी रही और 20 मिनट अप लाइन बाधित रही।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर अछल्दा स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास में घूम रही गाय कानपुर की तरफ से आ रही शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। इससे शताब्दी एक्सप्रेस का प्रेशर ड्रॉप पाइप खुल गया। चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को स्टेशन पर रोकना पड़ा। आननफानन में स्टेशन मास्टर ने रेल कर्मचारियों के साथ मिलकर शताब्दी एक्सप्रेस के इंजन में फंसी गाय और प्रेशर ड्रॉप पाइप को ठीक करवाया।
काफी मशक्कत के बाद गाय के अवशेष कर्मचारी बाहर निकाल पाए। इंजन की जांच-पड़ताल के बाद 20 मिनट बाद शताब्दी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई। इस दौरान पीछे से आ रही कानपुर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस को आउटर पर रोक लिया गया था।