फोटो-26- गंदे पानी में घुसकर निकलते बच्चे।संवाद
बिधूना। ग्राम पंचायत बेलपुर बेला स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर इन दिनों तालाब में तब्दील हो गया है।
प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव की उदासीनता के चलते गांव के नाले का गंदा पानी सीधे स्कूल परिसर में भर रहा है। इससे शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि बारिश के दौरान गांव का पानी स्कूल परिसर में भर जाता है। स्कूल का गेट नीचे होने और नाली आगे से अवरुद्ध होने के कारण पानी बाहर निकलने की बजाय परिसर में ही जमा हो जाता है। शनिवार को स्कूल के बच्चों की जांच करने पहुंची आरबीएस डॉक्टरों की टीम ने परिसर में भरे गंदे पानी को देखकर चिंता जताई। टीम ने कहा कि इससे बच्चों में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। शिक्षक-शिक्षिकाएं व बच्चे गंदे पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचते हैं।
प्रधानाचार्या ज्योति ने बताया कि कई बार प्रधान से सफाई और नाली व्यवस्था ठीक कराने की मांग की गई है। इसके अलावा विभाग को भी अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। परिसर में फैली दुर्गंध के बीच बच्चों को पढ़ाई करनी पड़ रही है और मिड डे मील के दौरान भी समस्या बनी रहती है।
इस मामले में एडीओ पंचायत नृपेंद्र यादव ने बताया कि जल्द ही टीम लगाकर पानी निकलवाया जाएगा तथा नाली सही कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।