बिधूना। तहसील क्षेत्र में चल रहे एसआईआर अभियान में ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। निरीक्षण में अनुपस्थित व कार्य से उदासीन पाए गए कई शिक्षकों के खिलाफ निलंबन व वेतन रोकने की संस्तुति उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।
खंड बाल विकास परियोजना अधिकारी अभिषेक कुमार ने रविवार को निरीक्षण के बाद कंपोजिट विद्यालय बसई फतेहपुर के शिक्षक सतेंद्र प्रताप सिंह व प्राथमिक विद्यालय बिधूना के दीपक कुमार के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की संस्तुति भेजी गई है।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय पुरवा गन्ना में सीडीपीओ निरीक्षण के समय शाम साढ़े तीन बजे बंद पाया गया था। निर्देशों के बावजूद विद्यालय समय से पूर्व बंद होने पर संबंधित स्टाफ का एक दिन का वेतन कटने तथा नवंबर माह का पूरा वेतन रोकने की संस्तुति की गई है। कंपोजिट विद्यालय अलीपुर में खंड बाल विकास परियोजना अधिकारी के निरीक्षण में छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें सहायक अध्यापक आलोक कुमार, सुनहरी लाल, शिक्षा मित्र सीमा देवी, अनुदेशक प्रशांत, गोपाल गुप्ता और प्रियंका शामिल हैं। इन सभी के नवंबर माह के वेतन रोकने की संस्तुति भेजी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी अलकेश कुमार सकलेचा ने कहा कि सभी मामलों की रिपोर्ट जिला के अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)