अलग-अलग दो गांवों में आग लगने से सात लोगों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। सोमवार रात ग्राम गढ़े का पुर्वा में लगी आग से पांच गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। वहीं पास के ही गांव लखनापुर में मंगलवार दिन में आग से दो भाइयों के घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग के कारणों का पता नहीं चल सका।
पुर्वा गढ़े का अड्डा में सोमवार रात 12 बजे जगमोहन लाल पुत्र सुख नंदन लाल के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगते ही अग्निशमन केंद्र को सूचना दी थी। इसके बावजूद आग बुझने के बाद बिधूना से दमकल पहुंर्ची।
आग से जग मोहनलाल के घर में रखी 25 हजार रुपये नगदी, विवाहिता बेटी के 1.5 लाख रुपये के जेवर एवं अन्य गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
वहीं सुख नंदन लाल, प्रेमप्रकाश, देवेंद्र कुमार, राजकिशोर की गृहस्थी भी अग्निकांड में खाक हो गईं। पीड़ितों का कहना है कि आग से पांच लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है।
इधर, मंगलवार को दोपहर 12 बजे गांव लखनापुर में विनोद कुमार और उसके सगे भाई राजू के कमरों में आग लग गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन अनाज एवं भूसा जलकर खाक हो गया।