Selecting honest will make democracy strong: Lu
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया)। देश व समाज के उद्धार के लिए अपना स्वार्थ त्याग कर हमें मतदान करना होगा। जाति, धर्म के आधार पर किसी को वोट बिल्कुल न दें। ये बातें राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने गेल ऑडिटोरियम में कहीं॥। वह लोकसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर अधिकारियों एवं संस्थाओं को सम्मानित कर रहे थे।
एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि सभी नागरिक लोकतंत्र के हर महापर्व में अपनी शतप्रतिशत भूमिका निभाएं। आने वाले सभी चुनावों में भी ईमानदार प्रतिनिधि को चुनें। जाति, धर्म के आधार पर किसी को वोट न दें, पैसों के लालच में किसी को वोट न दें, इससे भ्रष्टाचार बढ़ता है और लोकतंत्र कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि बिना विज्ञान के विकास संभव नहीं है। सभी नागरिक वैज्ञानिक सोच रखें और अंधविश्वास से दूर रहें। पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ों को कम से कम काटने एवं अधिकाधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। लोकसभा सामान्य निर्वाचन में मतदाताओं की सहभागिता से संबंधित गतिविधियों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी संस्थाओं तथा अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बाल अचीवर कार्यक्रम में अच्छा काम करने वाले 193 छात्र छात्राओं व 39 अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बाल अचीवर कार्यक्रम के लिए जिलाधिकारी अभिषेक सिंह की जमकर तारीफ की और प्रशस्ति पत्र दिया। शुभारंभ सरस्वती मां के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पौधा भेंट किया। डीएम इटावा, एसएसपी इटावा संतोष मिश्रा, सीडीओ इटावा, सीडीओ औरैया, एसपी औरैया सुनीति, सेवानिवृत्त एडीएम औरैया विजय बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।