अजीतमल। आसमान में रोजाना शाम के समय हो रही बादलों की दस्तक ने गेहूं कटाई को लेकर किसान चौकन्ना हैं। बारिश की आशंका को देखते हुए किसान हाथों के बजाय हार्वेस्टर से गेहूं कटाई को प्राथमिकता दे रहे हैं। दिनभर खेतों में मशीनें कटाई कर रही हैं। वहीं पहले से गेहूं को हाथों से काट चुके किसान अब थ्रेसर कटाई में भी लग गए हैं।
इन दिनों किसान दिन-रात मेहनत कर खेतों में कटाई कराने में जुटे हुए हैं। बड़े किसान हार्वेस्टर से अपनी फसल की कटाई करवा रहे है, तो वहीं कई किसान अपने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ मजदूरों को लगाकर तेजी से फसल कटवाने में लगे हैं। अजीतमल कस्बा क्षेत्र के गांव सांफर, वरीपुरा, चिटकापुर, बिलावा, अलीपुर, हैदरपुर, भीखेपुर, मुरादगंज, टढ़वा बिकू, मौजमपुर में किसान तेजी से कटाई करा रहे हैं।
किसान सुबीर त्रिपाठी, आलोक पांडेय, शिवाजी, धर्मवीर ने बताया कि गेहूं की फसल पककर तैयार है। बारिश से फसल को सुरक्षित करने के लिए कटाई ही एक मात्र विकल्प है। ऐसे में हार्वेस्टर के जरिए तेजी से कटाई करा रहे हैं।