औरैया। पंचायत सचिवालयों व डिजिटल लाइब्रेरी में अब ग्रामीणों को मुफ्त में अखबार पढ़ने की सुविधा दी जाएगी, यही नहीं जनपद की ग्राम पंचायतों के एक हजार के करीब तालाबों को दुरुस्त कराया जाएगा।
इन दोनों कार्यों को लेकर डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को पंचायती राज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के संग बैठक करते हुए कार्य योजना बनाई।
डीएम ने ग्राम पंचायत सचिवों के साथ कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में बैठक कर ग्रामीण जल स्तर को बढ़ावा देने व वैक्टर जनित रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में ‘हमाई तलैय्या’ अभियान चलाने के निर्देश दिए। आबादी के आस-पास स्थित ग्राम पंचायतों में दो- दो तालाबों को 30 मई तक दुरुस्त कराने को कहा।
उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम दो तालाबों को चिह्नित करते हुए उनका विवरण जुटाएं। सचिवों को निर्देश दिए कि इस कार्य के लिए 15वें राज्य वित्त के अनटाइड फंड का प्रयोग किया जाए। तालाबों से निकली मिट्टी से तालाब के किनारे बंडिंग का कार्य कराया जाए।
डीएम ने कहा कि इस कार्य के दूसरे चरण में प्रत्येक तालाब में कम से कम पांच बत्तखें छोड़ी जाएं। मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए तालाब में गैंबूसिया मछलियां छोड़ी जाएं। डीएम ने एक गांव को गोद लेते हुए कहा कि उस गांव में तालाब सुदृढ़ीकरण का कार्य उनकी देख-रेख में किया जाएगा तथा उसे मॉडल तालाब के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही 94 डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा की।
डीपीआरओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पुस्तकालय में समिति का गठन किया जाए। सभी ग्राम पंचायतों व डिजिटल लाइब्रेरी में समाचार पत्र पठन-पाठन के लिए अखबार खरीदा जाए। बैठक में सीडीओ संत कुमार, डीपीआरओ श्रीकांत यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।