बिधूना। कोतवाली क्षेत्र से होकर गुजरी रामगंगा नहर में कमलपुर पुल के पास शनिवार शाम डूबे युवक का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। एसडीआरएफ टीम व कन्नौज से बुलाए गए गोताखोर लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन शाम तक कुछ पता नहीं चला। युवक परिवार का इकलौता बेटा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी ऋतिक (22) शनिवार शाम कमालपुर नहर पुल के पास किसी काम से गया था। नहर में हाथ धोने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद युवक के चाचा सुबोध अवस्थी व अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की गई।
रविवार को इटावा से आई एसडीआरएफ टीम व कन्नौज के गोताखोरों ने उसकी तलाश की। नहर में पानी अधिक होने के कारण परिजन ने नहर का जलस्तर कम कराने की मांग की। सूचना पर सीओ पी. पुनीत मिश्रा व नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजन से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया।
पूरे दिन अधिकारी स्थिति की निगरानी करते रहे। शाम तक युवक का पता नहीं चल सका। सीओ पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि तलाश जारी है। पूरा प्रयास किया जा रहा है।