फोटो-3- सहायता प्राप्त आंबेडकर विद्यालय के चारों तरफ भरा पानी। स्रोत:प्रधानाचार्य
औरैया। नगर पंचायत अजीतमल के मोहल्ला सरांय स्थित एक तालाब के गंदे पानी से सहायता प्राप्त डॉ. आंबेडकर विद्यालय का परिसर जलमग्न हो गया है।
पिछले दो माह से प्रधानाचार्य लगातार इस समस्या से निदान के लिए प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। इसके बावजूद यह समस्या अब तक निस्तारित नहीं हुई है। इससे अब स्कूल में बच्चों व शिक्षकों का आवागमन बाधित होने से पढ़ाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
प्रधानाचार्य अजय कुमार पोरवाल ने सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें बताया कि स्कूल के पास एक तालाब है। इसमें कस्बे की आबादी व क्षेत्र का पानी आता है। यह पानी ओवरफ्लो होकर दूसरे रास्ते से निकल जाता था लेकिन कुछ दिन पहले नगर पंचायत द्वारा एक सड़क का निर्माण करा दिया गया है।
इससे पानी निकलने का रास्ता बंद हो गया और अब तालाब का गंदा पानी स्कूल के चारों तरफ भर रहा है। मौजूदा समय में चारों तरफ पानी भरने से छात्रों व शिक्षकों का आवागमन अवरुद्ध हो गया है।
बताया कि इससे पहले भी वह नगर पंचायत के ईओ को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई है। प्रधानाचार्य ने डीएम से बच्चों के भविष्य को देखते हुए जल्द जलनिकासी कराने की मांग की है।