कंचौसी(औरैया)। आगरा- कानपुर रेलमार्ग पर कंचौसी के पास गेट संख्या चार पर शनिवार को निर्माणाधीन अंडरपास की मिट्टी ढह गई, जिससे ट्रैक धराशायी होते-होते बचा। खतरे को देख घंटेभर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। ट्रैक के नीचे मिट्टी भरी बोरियां आदि लगाने के बाद ट्रेनों को काशन के सहारे 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजारा गया। एडीआरएम ने भी मौका मुआयना किया।
आगरा- कानपुर रेलमार्ग पर रेलवे फ्रेट कॉरीडोर बन रहा है। कंचौसी के पास गेट नंबर चार पर अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। जेसीबी से ट्रैक के नीचे खुदाई करते समय शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ मिट्टी ढह गई, जिससे ट्रैक के नीचे काफी जगह बन गई। खतरे की आशंका को देख काम करा रहे ठेकेदार ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। तत्काल कंट्रोल को जानकारी दी गई। इस दौरान इस रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया गया।
अप लाइन की स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मंडुवाडीह एक्सप्रेस, टुंडला मेमू को झींझक में रोक दिया गया। इसी तरह डाउन लाइन में शिकोहाबाद- कानपुर मेमू को पाता स्टेशन, आगरा- लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को फफूंद स्टेशन पर रोक दिया गया। 9:40 बजे ट्रैक के नीचे मिट्टी भरे बोरे व पटरियां लगाई गईं। इसके बाद ट्रेनों को काशन देकर 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजारा गया।
सूचना मिलने पर एडीआरएम एमएस त्रिपाठी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुदाई के संबंध में दिशा निर्देश दिए। स्टेशन अधीक्षक महेंद्र बाबू ने बताया कि अंडरपास के निर्माण के दौरान मिट्टी ढहने से दिक्कत आई थी, जिसे दुरुस्त कर दिया गया है। सभी ट्रेनों को काशन के सहारे गुजारा जा रहा है।