अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा मुरादगंज के पास कानपुर-दिल्ली हाईवे पर सोमवार की रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत गई। इसके बाद रात भर वाहन युवक के शरीर के ऊपर से गुजरते रहे, लेकिन पुलिस को हादसे की भनक नहीं लगी। इस घटना से पुलिस के रात्रि गश्त की पोल खुल गई है। मंगलवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मरने वाले की शिनाख्त नहीं हो सकी है। न ही उसकी जान लेने वाले वाहन का ही पता चला है।
सोमवार की सुबह मुरादगंज के पास हाईवे पर युवक का शव पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मुरादगंज चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आसपास के लोगों से पुलिस को पता चला कि युवक की सोमवार की रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हुई थी। रात भर शव के ऊपर से वाहन गुजरते रहे, जिससे वह क्षत-विक्षत हो गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही युवक की जान लेने वाले वाहन का पता लगाने के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे जा रहे हैं।