फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वाट टीम ने सपा समर्थित प्रत्याशी को पकड़ा, थाने में सपाइयों का हंगामा

विज्ञापन
थाने के बाहर जमा भीड़ - फोटो : AURAIYA
विज्ञापन
दिबियापुर (औरैया)। मंगलवार शाम स्वाट टीम सपा के जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी को पकड़कर दिबियापुर थाने ले आई। इससे आक्रोशित सपाइयों ने पुलिस पर सत्ता पक्ष के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख एएसपी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। देर शाम तक गहमागहमी जारी रही।
विज्ञापन

दो दिन पहले सपा ने जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसमें ब्लॉक भाग्यनगर के चतुर्थ वार्ड से धर्मेंद्र यादव को जिला पंचायत सदस्य पद का प्रत्याशी घोषित किया है। मंगलवार शाम स्वाट टीम धर्मेंद्र यादव को पकड़कर थाने ले गई। स्वाट टीम जैसे ही धर्मेंद्र को लेकर दिबियापुर थाने पहुंची, सपाइयों का हुजूम जमा होने लगा। जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव समेत सैकड़ों सपा नेता एवं पदाधिकारी दिबियापुर थाने के बाहर जमा हो गए। सपाइयों का आरोप है कि सत्ता पक्ष के इशारे पर प्रत्याशी को पकड़ा गया है। मामला बढ़ता देख कई थानों की पुलिस बुला ली गई। वहीं पुलिस ने हंगामे की वीडियोग्राफी करानी शुरू कर दी। थाने पहुंचे एएसपी शिष्यपाल ने पुलिस से कार्यकर्ताओं को खदेड़ने को कहा। इससे सपाई और भड़क गए। मामला बढ़ता देख पीएसी बुलानी पड़ी। पुलिस धर्मेंद्र पर कई मुकदमे होने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने पर गिरफ्तारी की बात कह रही है।
सपा जिलाध्यक्ष ने लगाए पुलिस पर आरोप
दिबियापुर (औरैया)। सपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र यादव की तारीख 31 मार्च को पड़ी थी। 26 मार्च को जिला प्रशासन द्वारा धर्मेंद्र को जिला बदर कर दिया गया। आरोप लगाया कि पुलिस सपाइयों की सुनती नहीं है। पुलिस प्रशासन चाहता है कि कोई भी सपाई जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव न लड़ पाए। आरोप लगाया कि स्वाट टीम ने धर्मेंद्र समेत दो अन्य को इटावा से पकड़ा है। धर्मेंद्र इससे पहले ऊमरसाना गांव प्रधान व सयुस जिलाध्यक्ष रह चुका है।
विज्ञापन

डीएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी जिला बदर के साथ साथ गैंगस्टर का आरोपी है। जिला बदर होने के बाद भी इसकी लोकेशन ज्यादातर जिले में थी। चुनाव में अराजकता फैलाने की आशंका को लेकर उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है।
चुन-चुनकर किया जा रहा उत्पीड़न
औरैया। सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष व ब्लॉक भाग्यनगर के चतुर्थ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर जिला कमेटी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस प्रशासन सत्तापक्ष के हाथ की कठपुतली बनकर काम कर रहा है। चुन-चुनकर सपाइयों का उत्पीड़न किया जा रहा है। कोतवाली रोड स्थित जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदौरिया के प्रतिष्ठान पर सपा जिलाध्यक्ष राजवीर यादव ने वार्ता में कहा कि जिला प्रशासन ने षड्यंत्र के तहत धर्मेंद्र यादव को जिला बदर किया। इसके बाद एसओजी की टीम ने मंगलवार को इटावा से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि जिले की फफूंद पुलिस गिरफ्तारी का दावा कर रही है, यदि यह बात सही है तो एसओजी के प्रभारी अपनी एक बजे की लोकेशन बताएं। पहले जिला प्रशासन ने सपा जिलाध्यक्ष रवि राजपूत को भी जिला बदर किया है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदौरिया, पूर्व विधायक इंद्रपाल भदौरिया, ओमप्रकाश ओझा, गौरव यादव आदि मौजूद रहे।

थाने में मौजूद सपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव एवं अन्य- फोटो : AURAIYA

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें