औरैया। विधान सभा का सेमीफाइनल कहे जाने वाले जिला पंचायत चुनाव में सोमवार देर रात तक नतीजे आ गए। जिले के 23 सीटों में नौ सीटों पर सपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। भाजपा को पांच सीटों से ही संतुष्ट होना पड़ा। बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी बराबर के हिस्सेदार रहे। दोनों दलों के चार-चार प्रत्याशी चुनाव जीते। वहीं कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी। देर रात तक सहार ब्लाक के द्वितीय सीट के लिए मतगणना चलती रही।
जिस ताकत के साथ भाजपा ने पंचायत चुनाव की तैयारी की, उसके हिसाब से उसे सफलता हाथ नहीं लगी। इसके पीछे पार्टी में टिकट वितरण को लेकर विरोध और प्रत्याशियों की बगावत मुख्य वजह मानी जा रही है। 23 सीटों पर सपा और भाजपा के साथ बसपा भी खूब लड़ी। वहीं पार्टी से बगावत करके चुनाव में उतरे चार प्रत्याशियों ने निर्दलीय का रूप में जीत हासिल की है। चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की लाज बची तो कई के अरमानों पर पानी फिर गया। राजनीतिक दलों और निर्दलीय के रूप में लड़े कई युवाओं ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।