दिबियापुर (औरैया)। बिजली विभाग के संविदा कर्मी के बकायेदार उपभोक्ता से डेढ़ लाख रुपये लेकर फर्जी रसीद थमाने का मामला सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता अब न्याय के लिए विभागीय चक्कर काट रहा है।
बहादुरपुर सेहुद निवासी पूर्व प्रधान सुदेश कुमार राजपूत ने बताया कि उन्होंने औरैया दिबियापुर मार्ग स्थित अपनी दुकान किराये पर दी थी। उनके पास बिजली बकाया व सरचार्ज समेत डेढ़ लाख रुपये बकाये का नोटिस पहुंचा। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में उनसे एक संविदा कर्मचारी मिला। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में संविदा कर्मचारी को उन्होंने लगभग डेढ़ लाख रुपये जमा करने के लिए दिए। संविदा कर्मचारी ने कुछ दिनों बाद दो अलग-अलग रसीदें दीं। इनमें एक रसीद 1,29,640 रुपये की जबकि दूसरी 20 हजार रुपये की थी। बताया कि रसीद लेकर घर चले आए। जब रसीद में रुपये जमा करने की तारीख 26 नवंबर दर्ज देखी तो उन्होंने रसीद की पड़ताल विभाग में कराई। विभाग में रसीद का कोई डाटा उपलब्ध नहीं मिला।
इस पर उन्होंने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे। लेकिन आरोपी संविदाकर्मी ने रुपये वापस नहीं किए। थक हारकर उन्हें विभाग में बकाया रुपये जमा करने पड़े। इसके बाद से सुदेश अपने रुपये वापस पाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। बताया कि विभाग ने लिखकर दिया है कि आरोपी संविदाकर्मी द्वारा उपलब्ध कराई गईं रसीदों का विवरण अभिलेखों में दर्ज नहीं है। वह फर्जीवाड़े की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराएंगे।
संविदा कर्मी को हटाया, वेतन रोकने के निर्देश
मामला संज्ञान में आते ही संविदा कर्मी को हटा दिया गया है। साथ ही आरोपी का वेतन रोकने के लिए भी निर्देशित किया गया है। पीड़ित को ही आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करानी होगी। - नरेंद्र प्रकाश, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड दिबियापुर।