औरैया। सहायक आयुक्त औषधि लखनऊ व ड्रग इंस्पेक्टर औरैया ने शुक्रवार को शहर में संचालित मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों से दवा का सैंपल भी लिया। इससे दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश पालीवाल ने बताया कि लखनऊ से आए सहायक आयुक्त औषधि शशिमोहन गुप्ता के साथ इटावा रोड पर जिला अस्पताल के सामने संचालित कटियार मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालक अशोक कटियार बिक्री बिल नहीं दिखा सके। मौजूद अधिकारी के आदेश पर इस मेडिकल स्टोर से एक दवा का सैंपल लिया गया। इसके बाद गुप्ता मेडिकल स्टोर पर क्रय-विक्रय के बिलों की जांच की गई। मेडिकल स्टोर संचालक मनीष गुप्ता मौजूद थे, जो खुद फार्मासिस्ट हैं। इस दौरान इनके मेडिकल स्टोर पर विक्रय बिल देखने को नहीं मिला। यहां से भी एक दवा का सैंपल लिया। इसके बाद पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां पर भी दुकानदार दवा के बिक्री बिल नहीं दिखा सके। इस संबंध में ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि लिए गए सैंपलों को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।