बेला। विद्युत उपकेंद्र बेला क्षेत्र के तिरकों गांव में सड़क के ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। सड़क से करीब आठ फीट की ऊंचाई पर झूल रही लाइन के कारण बड़े वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही थी। इस समस्या को उजाला ने पांच सितंबर के अंक में प्रमुखता से छापा था। इसके बाद निगम ने संज्ञान लेते हुए सोमवार को लाइनमैन कुलदीप कुमार व अंशु को भेजकर एलटी लाइन को ऊंचा कराया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य सड़क से कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनों, ट्रैक्टरों और अन्य बड़े वाहनों का आवागमन होता है। कम ऊंचाई पर तार होने के कारण वाहनों को निकालते समय करंट की चपेट में आने का खतरा बना रहता था। इसी रास्ते से स्कूली वाहन भी गुजरते हैं, इससे किसी अनहोनी की आशंका से ग्रामीण चिंतित थे। जेई वीरेंद्र कुमार ने बताया कि खबर प्रकाशित होते हुए ही मामला संज्ञान में लेते हुए विद्युत लाइन को टाइट कराकर ऊंचा करा दिया गया है।