कोटेदारों से जानकारी लेते एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल। कस्बे के एक धर्मकांटा के पास कोटेदारों को बुलाकर राशन देने के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया। ठेकेदार की मनमानी से नाराज कोटेदारों ने हंगामा किया। जानकारी पर पहुंचे एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को फटकार लगाई। फिर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राशन दुकानों पर ठेकेदारों के माध्यम से गोदाम से उठान करा कर राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी है। अजीतमल ब्लॉक के कई कोटेदार पिछले दो दिन से हाईवे स्थित एक धर्मकांटे पर ठेकेदार के बुलाने पर पहुंच रहे थे। यहां से गांवों तक राशन ले जाने के लिए उन्हें भाड़ा और पल्लेदारी देनी पड़ रही थी। गुरुवार को कोटेदार उमाशंकर, किशन बिहारी, देवेंद्र, शिवशंकर समेत कई कोटेदारों ने इस प्रक्रिया का विरोध किया।
ठेकेदार से दुकानों तक राशन पहुंचाने की मांग की, पर वह तैयार नहीं हुआ। इस पर कोटेदारों ने राशन न लेने के साथ हंगामा करना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर एसडीएम अखिलेश कुमार मौके पर जा पहुंचे। कोटेदारों ने ठेकेदार व पूर्ति निरीक्षक पर मनमानी करने का आरोप लगाया। इस पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक निखिल कुमार को फटकार लगाई और नियमानुसार राशन दुकान तक पहुंचाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि कोटेदारों ने शिकायत पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।