औरैया। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण आरटीपीसीआर जांच के सैंपल सैफई और लखनऊ भेजे जा रहे हैं। इन दोनों जगहों से जांच रिपोर्ट देर से आती है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में जिले में आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए थे। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। शनिवार को विभागीय अधिकारियों ने पुराने टीबी अस्पताल का निरीक्षण कर यहां लैब संचालन की बात कही है।
शनिवार दोपहर सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ 50 शय्या जिला संयुक्त चिकित्सालय के बाहर बने पुराने टीबी अस्पताल पहुंची। निरीक्षण के बाद यहां आरटीपीसीआर सैंपल की जांच के लिए लैब बनाने का निर्णय लिया। बताया कि पुराने टीबी अस्पताल में आरटीपीसीआर लैब बनाई जाएगी।
यहां लैब बनाने की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। जांच के लिए आरटीपीसीआर मशीन मंगवाई गई है। जांच के लिए तीन लैब कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद जिले में जांच शुरू होगी। जिले में प्रतिदिन आरटीपीसीआर के 500 सैंपल लिए जा रहे हैं। बढ़ते संक्रमण के कारण सैफई, लखनऊ लैब से इन सैंपलों की रिपोर्ट चार से छह दिन में आ रही हैं। इसके कारण संक्रमण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सब ठीक रहा तो लगभग छह दिन में लैब शुरू हो जाएगी।